कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने संदिग्ध शख्स को दबोचा, प्रयागराज एसएसपी ने कहा- आत्महत्या का था उसका इरादा
प्रातःकाल एक्सप्रेस
प्रयागराज। प्रयागराज में शहर पश्चिमी सीट से आज नामांकन कर रहे कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह पर हमला करने पहुंचे शख्स को पकड़ लिया गया। यह वाकया करीब 12 बजे मुंडेरा ट्रांसपोर्ट नगर स्थित भाजपा उम्मीदवार के केंद्रीय चुनाव कार्यालय पर हुआ। वहां मंत्री मौजूद थे तभी हमलावर शख्स उनकी तरफ बढ़ा। शक होने पर मंत्री ने खुद समर्थकों के साथ उस व्यक्ति को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि उसके पास ब्लेड और कीटनाशक सल्फाश था। उसे धूमनगंज थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस घटना की जानकारी मिली तो पुलिस अधिकारी भी धूमनगंज थाने में पूछताछ करने पहुंच गए। पकडे़ गए व्यक्ति का नाम हिमांशु दुबे बताया जा रहा है। वह जौनपुर में जलालपुर इलाके के केरांव का रहने वाला है। उससे पुलिस घटना के बारे में पूछताछ कर रही है।
कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह पर हमले की कोशिश के मामले में एसएसपी अजय कुमार का कहना है कि यह हमले का मामला नहीं है बल्कि आत्महत्या के प्रयास की घटना है। उन्होंने बताया कि एक युवक सल्फास का पैकेट लेकर कैबिनेट मंत्री के पास जा रहा था, उसके हाथ में ब्लेड भी था, जिससे वह सल्फास के पैकेट को फाडने वाला था। वह मंत्री के सामने सल्फास खाकर आत्महत्या करने जा रहा था। मंत्री ने पास आते उसे देखा तो उसकी हरकत को भांप कर उन्होंने उसे पकड़ लिया। तब तक वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने उसे कब्जे में लेते हुए पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उस युवक से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि यह शख्स पहले भी मंत्री के प्रयागराज और लखनऊ आवास पर विरोध प्रदर्शन कर चुका है। उसका कहना है कि मंत्री ने उसका लोन नहीं पास कराया इसलिए वह रोजगार नहीं कर सका। वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है।

No comments